लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों ने पंचायत से की निकासी की मांग
राजसमंद | (गौतम शर्मा) राजसमंद जिले के झोर गांव में पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। फुकीया मार्ग पर स्थित पेयजल टंकी के पास नालियों का गंदा पानी जमा होने से हादसे की आशंका बढ़ गई है।
4 साल पुरानी टंकी पर मंडरा रहा खतरा
ग्रामीणों के अनुसार करीब 4 वर्ष पूर्व जलदाय विभाग द्वारा निर्मित तीन मंजिला पेयजल टंकी के आसपास पिछले 3 महीनों से गंदा पानी भर रहा है। यह पानी टंकी से मात्र 20–25 फीट की दूरी पर जमा है, जिससे लगातार रिसाव हो रहा है।
इस स्थिति से टंकी की नींव कमजोर होने का खतरा पैदा हो गया है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने जताई चिंता
मोहल्ले के सतीश शर्मा, मांगीलाल माली, बंशी लाल टेलर, गणेश लाल माली सहित अन्य ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं की गई, तो टंकी गिरने का खतरा बना रहेगा, जिससे जनहानि भी हो सकती है।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी देवीलाल पोसवाल ने बताया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जेसीबी मशीन लगाकर पानी की निकासी आगे की ओर करवाई जाएगी, ताकि समस्या का समाधान हो सके।

स्थायी समाधान की जरूरत
ग्रामीणों ने नाला निर्माण कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि अस्थायी उपायों के बजाय स्थायी समाधान ही इस समस्या को खत्म कर सकता है।
















































