लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तीन आरोपित पहले ही पकड़े जा चुके हैं, अन्य फरार – पुलिस की कार्रवाई जारी
स्थानीय संवाददाता ओमप्रकाश चौधरी की रिपोर्ट।
पीसांगन, अजमेर।
पीसांगन में अवैध रूप से हिपो गैस सिलेंडरों से गैस रिफलिंग कर चोरी करने के आरोप में न्यायालय ने मकरेड़ा निवासी वार्ड पंच रामलाल उर्फ रामू देवासी को जेल भेज दिया। वह पिछले छह महीनों से फरार था और अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि गत 27 मार्च को पुलिस थाना मांगलियावास पर अवैध गैस रिफलिंग की सूचना मिली थी। इसके आधार पर रसद विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 422 किलोग्राम हिपो गैस सिलेंडरों से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों में गैस रिफलिंग कर चोरी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर मानव जीवन को खतरे में डालने के आरोप में यह कार्रवाई की गई थी।
राज्य सरकार के आदेशानुसार अवैध तेल चोरी और गैस रिफलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गठित पुलिस टीम ने हैड कांस्टेबल गणेशराम सामरिया, कांस्टेबल राजेंद्र थांकण, लोकेश जाखड़, प्रकाश जाखड़ और जोराराम जाट की मदद से फरार आरोपित रामलाल को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व इस मामले में सावर के बिसुन्दनी निवासी 50 वर्षीय सीताराम माली, मकरेड़ा निवासी 30 वर्षीय कालूराम उर्फ रामलाल चौधरी तथा केसरपुरा निवासी 30 वर्षीय राजेंद्र सिंह उर्फ राजू रावत को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
