लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रक्तदान को सेवा का सर्वोत्तम कार्य बताते हुए आमजन से स्वदेशी अपनाने का किया आह्वान
जयपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सीतापुरा एवं आगरा रोड स्थित हैवेंस गार्डन में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् द्वारा आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव में भाग लिया। उन्होंने रक्तदान कर रहे युवाओं और अन्य लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए आमजन से रक्तदान करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने का पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उनके जनसेवा के कार्यों से प्रेरित होकर राज्य सरकार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शहरी सेवा शिविर, ग्रामीण सेवा शिविर तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर रही है।
शर्मा ने आमजन से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे प्रधानमंत्री की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएँ समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक कैलाश वर्मा, उप महापौर ग्रेटर नगर निगम पुनीत कर्नावट सहित बड़ी संख्या में युवा और परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे।