लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विकास परियोजनाओं, सहकारिता, खेल, कौशल विकास और एयर कनेक्टिविटी पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राजस्थान के विकास, जनकल्याण और विभिन्न अहम परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को प्रदेश में डबल इंजन सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने यमुना जल समझौते के लिए अमित शाह का आभार व्यक्त किया। दोनों नेताओं के बीच राजस्थान में सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने, सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास तथा सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात कर प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए कौशल विकास तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भी शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में राजस्थान में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार, प्रमुख शहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ने तथा विमानन सुविधाओं के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश के विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।