लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चयनित अभ्यर्थियों की 10 से 12 अगस्त तक होगी इन-पर्सन काउंसलिंग
जयपुर। राजस्थान सरकार के कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया को गति देते हुए 10 से 12 अगस्त 2026 तक इन-पर्सन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा कृषि विभाग को आवंटित 460 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति एवं पदस्थापन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
कृषि विभाग को आवंटित अभ्यर्थियों में 428 गैर-अनुसूचित क्षेत्र तथा 32 अनुसूचित क्षेत्र के अभ्यर्थी शामिल हैं। विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रिक्त पदों पर आवश्यकता और अभ्यर्थियों की प्राथमिकता के आधार पर पदस्थापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह काउंसलिंग आयोजित की जा रही है।
काउंसलिंग का आयोजन राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान (SIAM) के ऑडिटोरियम, टोंक रोड, दुर्गापुरा, जयपुर में किया जाएगा। निर्धारित तिथि पर चयनित अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रिक्त पदों के संबंध में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
कृषि विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर उपस्थित रहने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है, ताकि नियुक्ति एवं पदस्थापन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
