Home latest पहलगाम हमले से देशवासियों में आक्रोश

पहलगाम हमले से देशवासियों में आक्रोश

0

भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर किया शांत:— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

भारतीय सेना के पराक्रम के सम्मान में निकाली जा रही है तिरंगा यात्रा, हर जन, हर वर्ग और हर समुदाय की हुई भागीदारी

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर,।(रूपनारायण सांवरिया) भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित तिरंगा यात्रा जयपुर में गुरुवार को निकाली गई। अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित भाजपा नेता, पदाधिकारी, सांसद, विधायकगण, समाज के बुद्धिजीवी वर्ग, विद्यार्थी, महिलाएं—बुजुर्ग शामिल हुए। तिरंगा यात्रा अल्बर्ट हॉल से शुरू होकर न्यू गेट, बापू बाजार, सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान रास्तों में फूलों की वर्षा के साथ देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। जामा मस्जिद पर मुस्लिम समुदाय ने भी यात्रा का स्वागत कर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि “पहलगाम हमले के बाद देशवासियों के मन में जो आक्रोश था, उसे हमारी सेना ने आतंकियों के अड्डों पर हमला कर शांत किया। यह नया भारत है, जहां आतंकियों की मदद करने वालों को करारा जवाब दिया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब नए भारत की तस्वीर देश के सामने आई है। भारतीय सेना ने बता दिया कि हम किसी से कम नहीं है। आतंकियों की मदद करने वालों को सबक सिखाने का काम हमारी सेना ने किया है। पाकिस्तान समझ चुका है, अब यह बदला हुआ भारत है, देश में मजबूत नेतृत्व है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि भारतीय सेना के सम्मान में प्रदेश के हर नागरिक की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए समान रूप से जरूरी है। कांग्रेस नेताओं को भी इसमें शामिल होना चाहिए था। “पहलगाम की घटना के बाद सेना ने पाकिस्तान में घुसकर नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। यह तिरंगा यात्रा उसी पराक्रम को सम्मान देने के लिए निकाली गई है। राठौड़ ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में 500 किलोमीटर तक घुसकर आतंकियों के केंद्र को ध्वस्त करने का काम किया है। वहीं पाकिस्तानियों ने तो सिर्फ फुलझडियां छोड़ी थी, इससे उनके युद्ध कौशल का भी पता चलता है। राठौड़ ने कहा कि तिरंगा यात्रा प्रदेश के सभी संभागों, जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। इस अभियान का मकसद सेना के पराक्रम को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना है।

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि सेना ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने वालों को मिट्टी में मिला दिया। प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दी और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई। भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि टेरर और टॉक एक साथ नहीं चल सकते। तिरंगा यात्रा के दौरान सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, और जामा मस्जिद पर लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। वहीं तिरंगा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के भी नारे लगाए गए। तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राएं भी देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। सांगानेरी गेट के पास स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को तिरंगे की पोशाक से सजाया गया था।
तिरंगा यात्रा कार्यक्रम मंच पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, सीपी जोशी, सांसद मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक कालीचरण सराफ, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, बाल मुकुंदाचार्य, तिरंगा यात्रा प्रदेश समन्वयक भूपेंद्र सैनी और अंकित चेची, भाजपा जयपुर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, दक्षिण जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर, उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी, मेयर कुसुम यादव, उप महापौर पुनित कर्नावट सहित प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version