लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
यज्ञ की सुगंध, जयकारों व धार्मिक आयोजन से रामपुरा का वातावरण धर्ममय
नसीराबाद (जितेंद्र बालोत) । नसीराबाद के निकट विख्यात रामपुरा तेजाजी बासक बाबा धाम पर 108 कुण्डात्मक विष्णु महायज्ञ का 9 दिवसीय विशाल धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गादीपति रतनलाल प्रजापत महाराज, कायावर्णेश्वर महादेव धाम के मोहनलाल व्यास महाराज एवं महंत रामदास महाराज आदि के सानिध्य में बासक बाबा की प्राचीन बम्भी के ऊपर 108 फीट ऊंचे नवनिर्मित मंदिर में जयकारो एवं मंत्रोचारों के बीच पद्मनाभ भगवान विष्णु प्रतिमा स्थापित की गई। इस विशाल धार्मिक आयोजन के चलते हवन यज्ञ के आहुतियां की सुगंध, मंत्रोचार, विष्णु पुराण कथा की गूंज, श्रद्धालुओं के जयकारों, संत महात्माओं का जमावड़ा श्रद्धालुओं के भारी भीड़ से रामपुरा का वातावरण धर्ममय हो चुका है। 108 कुण्डात्मक विष्णु महायज्ञ में बैठने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और पंजीकरण कराने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है।
रासलीला व विष्णु पुराण कथा भी आकर्षण का केंद्र
इस विशाल धार्मिक कार्यक्रम में मलधारी अखाड़ा वृंदावन धाम के कुंज बिहारी शास्त्री द्वारा विष्णु महापुराण कथा एवं शाम को वृंदावन धाम राधा कृष्ण रासलीला मंडल के शिवम पाठक द्वारा रासलीला का मंचन इस धार्मिक कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जिसमें श्रद्धालुओं के भारी भीड़ उमड़ रही है। समिति अध्यक्ष चतरसिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि चल चलती धूप एवं गर्म हवाओं के थपेड़ों के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड रही है।उपखंड अधिकारी देवीलाल यादव, डीवाईएसपी जरनैल सिंह, तहसीलदार ममता यादव, सदर पुलिस थानाधिकारी अशोक बिशु, सब इंस्पेक्टर भंवरलाल के नेतृत्व में माकूल इंतजाम किए गए हैं। विख्यात तेजाजी बासक बाबा धाम पर इस विशाल आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियो में काफी उत्साह है। प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, विधायक प्रत्याशी शिवप्रकाश गुर्जर आदि में कार्यक्रम में पहुंचकर धर्म लाभ लिया।
जगतगुरु वल्लभाचार्य 2 जून को करेंगे शिरकत
विख्यात रामपुरा तेजाजी धाम पर चल रहे 108 कुंडात्मक विष्णु महायज्ञ एवं पद नाम भगवान विष्णु मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के 9 दिवसीय कार्यक्रम के तहत जगत गुरु श्रीमद् विष्णु स्वामी वल्लभाचार्य 2 जून को रामपुरा मंदिर पर शिरकत करेंगे। अखिल भारतीय श्री पंचमलाधारी निर्मोही अखाड़ा के सचिव महंत रामदास महाराज ने जानकारी दी कि इस विशाल धार्मिक कार्यक्रम में अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अन्य अखाड़ा अहमदाबाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष वह अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महासचिव महंत राजेंद्र दास महाराज, अखिल भारतीय पांच निर्मोही अन्य अखाड़ा चित्रकूट के महंत रामदास महाराज, अखिल भारतीय पंच दिगंबर अन्य अखाड़ा अयोध्या के महंत वैष्णो दास महाराज, अखिल भारतीय शरीफ पंच दिगंबर निया अखाड़ा मथुरा के महंत माधव दास मोनी महाराज, अखिल भारतीय पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा अयोध्या के महंत मुरली दास महाराज सहित तीनों अन्य अखाड़े के महासचिव, महंत नागातीत मंडलेश्वर, संत आदि शिरकत करेंगे। महंत रामदास महाराज ने बताया कि नागा आश्रम विश्राम बाड़ी के संत सत्यनारायणदास, महंत शंकरदास महाराज डबरेला, महंत संतदास महाराज दस मील, महंत रामकृष्णदास महाराज भटियाणी, मंहत द्वारकाधीश महाराज 12 मील, सुरसुरा धाम के नोरतमल सैनी सहित कई संत महात्मा एवं महाराज पहुंच चुके हैं।
छप्पन भोग में 111 प्रकार के मिष्ठान
भगवान विष्णु प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के बाद 111 प्रकार के मिष्ठान का 56 भोग यज्ञाचार्य मोहनलाल व्यास, गादीपति रतनलाल प्रजापत महाराज एवं रामदास महाराज के सानिध्य में मुख्य यजमान देवराज सिंह राठौड़, रूपलाल प्रजापति, नोरत प्रजापति, कालूराम, रमेशचन्द्र, भंवरलाल, सुरेश प्रजापति द्वारा छप्पन भोग लगा कर प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।
















































