लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, बालिका शिक्षा और सामाजिक सुधार पर हुई चर्चा
किशनगढ़ रेनवाल। (नवीन कुमावत, लोक टुडे न्यूज नेटवर्क) शहर के मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वयंसेवकों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने विद्यालय के खेल मैदान में श्रमदान किया। उन्होंने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक कुरीतियों पर जागरूकता का आह्वान
शिविर में उपप्राचार्य प्रकाशचंद्र शर्मा ने मृत्युभोज जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम को लेकर विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ प्राध्यापक पिंकू कुमारी ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
वहीं वरिष्ठ प्राध्यापक नेहपाल मीणा ने कन्या वध की रोकथाम के लिए स्वयंसेवकों को समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से ही सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम अधिकारी शंकर सिंह मीणा ने कहा कि सभ्य, शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज के माध्यम से ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
























































