लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पालड़ीकलां में शनिवार को स्वर्गीय बंशीराम बावरी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर नि:शुल्क नेत्र जांच एवं शल्य चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर पाना-पार्टी जैतारण ट्रस्ट एवं स्थानीय भामाशाहों के सहयोग से राजकीय प्राथमिक विद्यालय (पुराना भवन) में आयोजित हुआ, जिसमें कुल 260 मरीजों ने आंखों की जांच करवाई।
यह शिविर स्व. बंशीराम बावरी के परिजनों—केलम देवी, शिवजीराम, प्रहलादराम, मुकेशकुमार एवं सतूराम—के आर्थिक सहयोग से संपन्न हुआ।
65 मरीजों में पाया गया मोतियाबिंद
शिविर प्रभारी महेंद्रकुमार सांखला ने बताया कि वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. राहुल वासवानी (एम.एस.) एवं नेत्र सहायक चिकित्सक डॉ. आर. रहमान द्वारा मरीजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान 65 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया, जिन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
मोतियाबिंद रोगियों को संस्था की ओर से विशेष बस व्यवस्था के माध्यम से जैतारण भेजा गया, जहां उनका अत्याधुनिक तकनीक से नि:शुल्क नेत्र लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सराहा सेवा कार्य
ग्रामीणों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं। शिविर से बुजुर्गों और असहाय मरीजों को घर के पास ही उपचार की सुविधा मिली, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर निर्मल सोनी, कालूराम सोनी, शिवलाल, रामप्रसाद बावरी, प्रहलादराम मेहरा, रामप्रकाश मौर्य, रामप्रसाद चौकीदार, सुरेश चौकीदार, रामकुमार चौकीदार, सरदार मानसिंह, दीपक सोनी, राकेश प्रजापत, गिरधारीलाल प्रजापत, श्रवणराम सेरडिया, जीवणराम गुर्जर, रामनिवास चौधरी, नोरतसिंह एवं पंकज दिवाकर सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
