लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने युवाओं को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार, आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक मजबूती पर दिया जोर
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शुक्रवार को जयपुर स्थित अग्रवाल कॉलेज सभागार में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (FANS), जयपुर चैप्टर की ओर से आयोजित ‘विशाल भारत : आर्थिक, सामरिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य’ विषयक व्याख्यान में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने युवाओं और गणमान्यजनों के साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, सुदृढ़ अर्थव्यवस्था और मजबूत सामरिक क्षमता विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सामर्थ्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण से ‘विशाल भारत’ के संकल्प को नई शक्ति और गति मिल सकती है।
राष्ट्रनिष्ठ युवा शक्ति समय की आवश्यकता
दिया कुमारी ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए जागरूक, सक्षम और राष्ट्रनिष्ठ युवा शक्ति का निर्माण समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उनकी प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देकर भारत को आर्थिक एवं सामरिक रूप से और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
आर्थिक, सांस्कृतिक और सामरिक पक्ष पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघचालक डॉ. रमेश चंद्र अग्रवाल ने सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य पर अपने विचार रखे। एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा ने आर्थिक पक्ष तथा लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत ने सामरिक परिप्रेक्ष्य पर विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर FANS के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह, जयपुर चैप्टर अध्यक्ष डॉ. एस.एस. अग्रवाल, महासचिव पुष्कर उपाध्याय सहित युवा साथी, अधिकारीगण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।