लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सी.आर. चौधरी को सौंपा ज्ञापन
क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम सौंपा ज्ञापन, बाड़मेर-गुवाहाटी और बाड़मेर-दिल्ली इंटरसिटी के नियमित ठहराव की मांग
नावा सिटी | प्रदीप कुमार डागा
नावा सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के नियमित ठहराव की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने राजस्थान सरकार के किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चौधरी को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा। समाजसेवी मनोज गंगवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बाड़मेर/बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15631/32/33/34) और बाड़मेर-मथुरा/दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (20487/88/89/90) का नावा सिटी रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव स्वीकृत करने की मांग की गई।
बढ़ते यात्री भार के चलते रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग
ज्ञापन में बताया गया कि नावा सिटी विधानसभा एवं उपखंड मुख्यालय होने के साथ तेजी से विकसित हो रहा प्रमुख शैक्षणिक, व्यावसायिक और औद्योगिक केंद्र है। आसपास के दर्जनों गांवों और शेखावाटी क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों के लिए नावा सिटी आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में बढ़ते यात्री भार और क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए रेलवे सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।
विद्यार्थियों से लेकर व्यापारियों तक को मिलेगा लाभ
क्षेत्रवासियों का कहना है कि दोनों ट्रेनों के नावा सिटी में ठहराव से विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों और आम यात्रियों को दिल्ली, मथुरा, बीकानेर, बाड़मेर सहित अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में इन ट्रेनों का लाभ लेने के लिए यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से रेल मंत्री से आग्रह किया गया कि नावा सिटी रेलवे स्टेशन की भौगोलिक स्थिति, क्षेत्रीय महत्व, संभावित यात्री भार और रेलवे के हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों ट्रेनों के नियमित ठहराव को शीघ्र स्वीकृति दी जाए।
क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि सी.आर. चौधरी के माध्यम से रेल मंत्री तक पहुंची यह मांग नावा सिटी के लिए बड़ी रेल सौगात का मार्ग प्रशस्त करेगी। ट्रेनों का ठहराव मिलने से क्षेत्र की सामाजिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
