लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा | उपखंड क्षेत्र के पलाई कस्बे में शनिवार सुबह अवैध बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बस स्टैंड के पास गौवंश को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध रूप से बजरी परिवहन कर ले जाई जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गौवंश को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
चार युवकों को पकड़ा, पुलिस देरी से पहुंची
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से आ रहे बजरी की रेकी करने वाले चार युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और तत्काल उनियारा पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने के कारण उक्त युवक ग्रामीणों की पकड़ से छूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की तलाश
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और फरार ट्रैक्टर चालक व रेकी करने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अवैध बजरी परिवहन को लेकर जांच भी की जा रही है।
