लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर/जयपुर।(रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को बीकानेर जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए करीब 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मेघासर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का नया भारत अपनी नीयत और काम की गति के लिए जाना जाता है तथा डबल इंजन सरकार शिलान्यास के बाद तय समय पर लोकार्पण करने की कार्य संस्कृति पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से बीकानेर जिले के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि और परिवहन क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी तथा आमजन के जीवन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
कई नई घोषणाएं, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने मेघासर उप चिकित्सा केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही डूंगरगढ़ में 25 करोड़ रुपये की लागत से ट्रॉमा सेंटर एवं उप जिला चिकित्सालय के निर्माण की भी घोषणा की।
इसके अलावा उन्होंने लूणकरणसर में मिनी सचिवालय, बीकानेर के म्यूजियम सर्किल पर पुल निर्माण, बीकानेर पश्चिम में आयुर्वेदिक औषधालय तथा सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पतालों के लिए यूरो साइंसेज भवन के सुदृढ़ीकरण की घोषणा भी की।
खाजूवाला क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय को उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने के साथ विभिन्न गांवों में नए विद्यालय खोलने की भी घोषणा की गई।
किसानों, युवाओं और पशुपालकों के लिए सरकार की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है तथा किसानों को बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है।
पशुपालकों को राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 23 लाख से अधिक बीमा पॉलिसियां जारी की जा चुकी हैं।
युवाओं को रोजगार और बालिका शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए एसआईटी का गठन किया गया, जिसके परिणामस्वरूप दोषियों पर कार्रवाई हुई और भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि अब तक 1.78 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्ती की तैयारी चल रही है।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 लाख साइकिल और 46 हजार स्कूटी वितरित की गई हैं।
वीर शिरोमणि मेघो जी की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री ने मेघासर के संस्थापक वीर शिरोमणि मेघो जी की अष्टधातु निर्मित अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को साहस, शौर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
664 करोड़ रुपये के 74 विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्य लोकार्पित परियोजनाएं:
- 371 करोड़ रुपये से अधिक लागत के पीएम कुसुम योजना के 47 सौर ऊर्जा संयंत्र।
- 105 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण और नवीनीकरण।
- 24 करोड़ रुपये से अधिक लागत का 132 केवी जीएसएस हद्दां एवं लाइन।
- 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत से कृषि उपज मंडी समिति बीकानेर में विकास कार्य।
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुकाम का नवीन भवन।
- बीछवाल में मरुधरा बॉटनिकल गार्डन।
- विभिन्न गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन।
143 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का शिलान्यास
मुख्य शिलान्यास परियोजनाएं:
- 98 करोड़ रुपये की लागत से शेरुणा में 220 केवी जीएसएस एवं लाइन।
- 36 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बीकानेर विकास प्राधिकरण का नया कार्यालय भवन।
- विभिन्न गांवों में नए उप स्वास्थ्य केंद्र भवन।
- कृषि उपज मंडी समिति बीकानेर में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण।
- श्रीडूंगरगढ़ और नोखा में सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय भवन।
