लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
389 करोड़ रुपये के 131 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
श्रीगंगानगर/जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में 389 करोड़ रुपये की लागत के 131 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के नगरीय निकायों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए मानसून सीजन में मरम्मत कार्यों के लिए नगरपालिकाओं को 1 करोड़ रुपये, नगर परिषदों को 3 करोड़ रुपये और नगर निगमों को 10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समितियां स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार मरम्मत कार्यों का चिन्हीकरण करेंगी, जिससे बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत में तेजी लाई जा सके।
जनता से किए हर वादे को पूरा कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार शिलान्यास के साथ-साथ विकास कार्यों को समय पर पूरा करने की कार्य संस्कृति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में श्रीगंगानगर जिले के विकास के लिए 1,567 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया है और भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
अनूपगढ़ किले के जीर्णोद्धार और एएसपी कार्यालय की घोषणा
मुख्यमंत्री ने अनूपगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कार्यालय की स्थापना तथा ऐतिहासिक अनूपगढ़ किले के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर-कोटपूतली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
सिंचाई और सड़क विकास पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में 44 हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये की लागत से पक्के खालों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा कंवरसेन नहर क्षेत्र में 185 करोड़ रुपये के जीर्णोद्धार कार्य जारी हैं।
उन्होंने कहा कि नहरों के सुदृढ़ीकरण, सड़क चौड़ीकरण, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और अंडरब्रिज (आरयूबी) सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए सरकार की प्राथमिकताएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को 9 हजार रुपये किसान सम्मान निधि, पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण तथा जरूरतमंद परिवारों को 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह की गई है तथा खाद्य सुरक्षा योजना में 1 करोड़ नए पात्र लाभार्थियों को जोड़ा गया है।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाते हुए अब तक 1.78 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्तियों की तैयारी चल रही है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी किया संबोधित
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनूपगढ़ क्षेत्र को भारतमाला परियोजना, रेलवे विकास और सड़क आधारभूत ढांचे की महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा नहरी क्षेत्र के विकास के लिए दिए गए बजट की भी सराहना की।
कार्यक्रम में पॉली हाउस के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए तथा युवा एथलीट बसंत कुमार मेघवाल को विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
प्रमुख लोकार्पण
- 87 करोड़ रुपये से अधिक लागत का सौर ऊर्जा संयंत्र।
- 21 करोड़ रुपये की लागत से 61 एफ जैतसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र।
- चक 13 एफएफ नेतेवाला एवं कोनी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र।
- 33 करोड़ रुपये से अनूपगढ़, रायसिंहनगर, केसरीसिंहपुर और गजसिंहपुर में एफएसटीपी।
- श्रीगंगानगर में राजकीय अंबेडकर अनुसूचित जाति बालक छात्रावास।
- सूरतगढ़ में राजकीय सावित्रीबाई फुले अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास।