लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल
स्व. अमिता सैन की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, सर्व समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
लोसल (सीकर) | ओम प्रकाश सैनी
नजदीकी नूवा गांव में स्व. अमिता सैन की प्रथम पुण्यतिथि पर शुक्रवार को प्रथम स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नूवा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवाओं और सर्व समाज के लोगों ने भाग लिया। शिविर में कुल 398 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का शुभारंभ अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने फीता काटकर किया। इसके बाद स्व. अमिता सैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने अमिता सैन की स्मृति को मानव सेवा से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
तीन ब्लड बैंकों की टीमों ने किया रक्त संग्रहण
शिविर में डीडवाना बांगड़ हॉस्पिटल ब्लड बैंक, श्री कल्याण हॉस्पिटल ब्लड बैंक सीकर और डीडवाना ब्लड बैंक की टीमों ने रक्त संग्रहण किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया।
सर्व समाज की भागीदारी बनी खास आकर्षण
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता सर्व समाज की भागीदारी रही। अलग-अलग समाजों के लोग एक मंच पर आए और रक्तदान को मानवता की सेवा का सबसे बड़ा संदेश बताया। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नूवा के प्रशासक रामस्वरूप गोदारा, ग्राम विकास अधिकारी हनुमान, शिंभु सिंह राठौड़, अलखपुरा के प्रशासक श्रवण बिजारणियां, एसडीएम राजेंद्र रणवां, अंजी कॉमेडियन, मुना प्रजापति, जगदीश मिस्त्री, रामचंद्र सैन, रूपाराम खोखर, मूल सिंह गोगावत, रघुनाथ सिंह राठौड़, रणजीत रणवा, चेनाराम तेतरवाल, रामनिवास भाकर, झूमर मल मेघवाल, मौलासर प्रधान मंजू देवी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और ग्रामवासी मौजूद रहे।
शिविर में 398 यूनिट रक्त संग्रहित होने से आयोजकों और ग्रामीणों ने इसे स्व. अमिता सैन की स्मृति को मानव सेवा से जोड़ने वाली सार्थक पहल बताया।
