निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा टला, पिलर से टकराई कार

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 पांचों सवार सुरक्षित

राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र में फियावड़ी राजमार्ग स्थित निर्माणाधीन पुल के पास बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। एक कार निर्माण कार्य स्थल पर रखे मिट्टी के ढेर और सीमेंट के पिलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे वाहन में सवार पांचों लोगों की जान बच गई।

शादी की खरीदारी कर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे भीलवाड़ा से कुंवारिया की ओर आ रही कार निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची। इसी दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे मिट्टी के ढेर तथा सीमेंट के पिलर से जा टकराई। टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

कार में कुंवारिया निवासी राकेश तातेड़ के रिश्तेदार, भगवानपुरा निवासी यश कुमार, नगीना देवी, पिंकी देवी सहित दो अन्य महिलाएं सवार थीं। बताया गया कि परिवार में 20 जून को होने वाले विवाह समारोह की खरीदारी कर सभी लोग भीलवाड़ा से वापस लौट रहे थे।

एयरबैग खुलने से टला बड़ा नुकसान

हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन समय पर एयरबैग खुल जाने से सभी सवार सुरक्षित बच गए। चालक सहित सभी पांच लोगों को मामूली चोटें आईं और किसी को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर एएसआई रामचंद्र चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। राकेश तातेड़, जम्बू, मोनू, चीनू सहित अन्य परिजनों ने घायलों को सुरक्षित घर पहुंचाया। बाद में क्षतिग्रस्त कार को भी मौके से हटवा दिया गया।

निर्माणाधीन पुल पर सावधानी बरतने की जरूरत

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य के चलते सड़क पर संकेतक लगाए गए हैं, बावजूद इसके वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। निर्माणाधीन स्थल के आसपास गति नियंत्रित रखने और यातायात संकेतों का पालन करने से ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क निर्माण स्थलों पर सतर्कता और सुरक्षित ड्राइविंग की आवश्यकता को उजागर किया है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here