लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो आलीशान मकान, निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स, बेशकीमती जमीन और चार वाहन किए गए फ्रीज
नागौर/खींवसर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर पुलिस ने नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त तस्करी से अर्जित कथित बेनामी संपत्तियों को फ्रीज किया है। पुलिस ने आरोपी भोपालराम विश्नोई की लगभग 1 करोड़ 13 लाख 45 हजार रुपये मूल्य की संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज करवाया है।
पुलिस के अनुसार फ्रीज की गई संपत्तियों में गांव विश्नोइयों की ढाणी (पांचलासिद्धा) स्थित दो आलीशान मकान, एक निर्माणाधीन दुकान कॉम्प्लेक्स, बीकानेर के नाल हाईवे पर स्थित बेशकीमती जमीन तथा चार वाहन शामिल हैं।
नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी जतिन जैन के सुपरविजन में, आईपीएस अधिकारी अदिति उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
2020 से तस्करी में सक्रिय होने का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी भोपालराम पुत्र खम्माराम विश्नोई, निवासी विश्नोइयों की ढाणी, पांचलासिद्धा, थाना खींवसर, वर्ष 2020 से बड़े स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में मादक पदार्थ तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से 8 मामले अवैध मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित बताए गए हैं। वर्तमान में आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में है।
रिश्तेदारों के नाम कर रखी थी संपत्ति
जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित रूप से तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियां अपने पिता खम्माराम, पत्नी शारदा, भाई गोपालराम, भाभी सुशीला तथा सालों रामस्वरूप और सुभाष के नाम करवा रखी थीं।
पुलिस ने राजस्व विभाग और आयकर विभाग से प्राप्त रिकॉर्ड के आधार पर संपत्तियों की जांच की। जांच में सामने आया कि संबंधित संपत्तियां अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित धन से खरीदी गई थीं।
दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी ने की पुष्टि
खींवसर थाना पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद संपत्ति फ्रीज करने के आदेश को दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी द्वारा भी पुष्टि प्रदान की गई। इसके बाद संबंधित संपत्तियों को विधिवत फ्रीज कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नागौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशे के माध्यम से नुकसान पहुंचाने वाले तस्करों और उनके आर्थिक नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों को जब्त और फ्रीज करने की कार्रवाई भविष्य में भी प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेगी।

















































