लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा और कैलाश वर्मा ने कांग्रेस नेताओं गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली पर झूठ व भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रामलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की पुरानी आदत रही है तुष्टीकरण की राजनीति करते हुए जनता में झूठ और भ्रम फैलाना।
रामलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने पहले सीएए कानून, फिर एसआईआर और अब अरावली के खनन को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और प्रदेश की भजनलाल सरकार अरावली के एक भी पत्थर को नुकसान नहीं होने देगी। भाजपा की मंशा साफ है कि अरावली संरक्षित क्षेत्र को स्पष्ट रूप से परिभाषित कर अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। नई परिभाषा तय होने तक किसी भी प्रकार का खनन पट्टा जारी नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में कांग्रेस सरकार ने ही अरावली की परिभाषा तय की थी और उसी दौरान सर्वाधिक खनन पट्टे जारी हुए थे। उस समय 100 मीटर का नियम लागू किया गया था, जबकि अब 2025 के नए नियमों में अरावली के 500 मीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्र को संरक्षित घोषित किया जाएगा, चाहे वह क्षेत्र 100 मीटर से छोटा ही क्यों न हो। इससे स्पष्ट है कि नई परिभाषा से खनन गतिविधियों में कमी आएगी।
रामलाल शर्मा ने भाजपा सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में अवैध खनन के खिलाफ 20,526 प्रकरण दर्ज किए गए, 211.26 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया, 2,228 एफआईआर दर्ज की गईं, 1,175 गिरफ्तारियां हुईं और 19,744 वाहन व मशीनरी जब्त की गई। वहीं अरावली क्षेत्र में 10,966 प्रकरण दर्ज कर 136.78 करोड़ रुपये वसूले गए, 1,002 एफआईआर दर्ज हुईं, 10,616 वाहन जब्त किए गए और 300 लोगों की गिरफ्तारी की गई।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रवक्ता कैलाश वर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अरावली हिल्स की परिभाषा तक की जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री और वन एवं पर्यावरण मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अरावली को कोई नुकसान नहीं होगा, इसके बावजूद कांग्रेस जानबूझकर जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राजनीति में बने रहने के लिए झूठे मुद्दे उछाल रही है।
कैलाश वर्मा ने कांग्रेस पर योजनाओं के नाम बदलने को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान चलाए, जबकि कांग्रेस ने योजनाओं के नाम एक परिवार विशेष के नाम पर रखे। उन्होंने डोटासरा के बयानों को अमर्यादित बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की राजनीति को पहचान चुकी है और भाजपा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रकृति संरक्षण की दिशा में कार्य कर रही है।


















































