लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की मोबाइल वेटरनरी यूनिट योजना के तहत 24 फरवरी 2024 से 15 फरवरी 2026 तक प्रदेश के 15 लाख 99 हजार 840 पशुपालकों के 61 लाख 30 हजार 856 पशुओं का निःशुल्क उपचार किया गया है।
उन्होंने बताया कि चूरू जिले में 35 हजार 466 पशुपालकों के 1 लाख 23 हजार 374 पशुओं तथा चूरू विधानसभा क्षेत्र में 7 हजार 666 पशुपालकों के 36 हजार 549 पशुओं का उपचार किया गया।
मंत्री ने कहा कि योजना प्रारंभ होने पर कॉल सेंटर शुरू नहीं हो पाने के कारण गांव-गांव में शिविर आयोजित कर पशुओं का उपचार किया गया। 9 अक्टूबर 2024 को कॉल सेंटर प्रारंभ किया गया तथा 31 दिसंबर 2024 से टोल फ्री नंबर 1962 के माध्यम से ऑन-कॉल सेवाएं नियमित रूप से दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि यह केंद्र प्रवर्तित योजना है, जिसके तहत प्रदेश में 536 मोबाइल वेटरनरी यूनिट्स संचालित हैं। वाहनों की शत-प्रतिशत लागत केंद्र सरकार द्वारा वहन की गई है, जबकि संचालन व्यय 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है।
प्रति एक लाख पशुधन पर एक मोबाइल यूनिट की स्थापना के आधार पर इन्हें जिलों में तैनात किया गया है। प्रत्येक यूनिट प्रतिदिन औसतन 6 पशुओं का उपचार करती है।
मंत्री कुमावत ने बताया कि चूरू विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 3 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां संचालित हैं। फिलहाल प्रदेश में यूनिट्स की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।


















































