महात्मा गांधी मेडिकल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में 835 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ, 34 को स्वर्ण पदक

0
67
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क 
महात्मा गांधी मेडिकल यूनिवर्सिटी का 8वाँ दीक्षांत समारोह

जयपुर I महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड टेक्नोलॉजी (MGUMST), जयपुर का आठवाँ दीक्षांत समारोह मंगलवार को यूनिवर्सिटी परिसर स्थित आर. एल. स्वर्णकार ऑडिटोरियम, सीतापुरा में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में चिकित्सा, दंत चिकित्सा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, एलाइड हेल्थ साइंसेज़ एवं हेल्थ मैनेजमेंट संकायों के 835 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं, जबकि 34 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। उपाधियाँ प्राप्त करते विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों के चेहरे भी गर्व से खिल उठे।

कैबिनेट मंत्री पद्मश्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री (उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, युवा मामले एवं खेल विभाग) पद्मश्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ रहे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने की।
मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सक बनना अपने-आप में सौभाग्य की बात है, क्योंकि चिकित्सा के माध्यम से पीड़ित मानवता की सेवा का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि डिग्री एक मजबूत नींव है, जिस पर एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक का निर्माण होता है। विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन, करुणा एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी का जीवन और स्वास्थ्य डॉक्टर के हाथ में होता है, ऐसे में सर्वोत्तम परिणाम देने का सतत संकल्प होना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी अस्पताल की संवेदनशील सेवाओं, अनुभवी चिकित्सकों की टीम एवं समय पर तत्काल उपचार की व्यवस्था की सराहना की।
चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्रियाँ प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायी, नैतिक एवं संवेदनशील स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय उपकरणों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से महात्मा गांधी अस्पताल एवं श्रीराम कैंसर सेंटर में उत्कृष्ट उपचार सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चेयरमैन डॉ. एम. एल. स्वर्णकार
संस्थापक चेयरमैन डॉ. एम. एल. स्वर्णकार ने कहा कि MGUMST ने अल्प समय में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं रोगी-सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं निरंतर प्रगति का प्रतीक है।
कुलपति डॉ. अचल गुलाटी
कुलपति डॉ. अचल गुलाटी ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ कर रहा है, जिससे विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर दक्ष एवं प्रतिस्पर्धी बन सकें।
कार्यक्रम में प्रो-वाइस चांसलर डॉ. विनय कपूर, रजिस्ट्रार डॉ. प्रदीप प्यान, डॉ. सुधीर सचदेव,  मीना स्वर्णकार,  आर. आर. सोनी, डॉ. शोभित स्वर्णकार, डॉ. नरेंद्र पडियार, डॉ. रजत वोहरा, डॉ. बुशरा फिजा, डॉ. गिर्राज सोनी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 49 विद्यार्थियों को सुपर-स्पेशियलिटी (डीएम/एमसीएच), 131 को पीजी (एमडी/एमएस), 23 को एमडीएस, 60 को बीडीएस, 22 को एमपीटी, 71 को बीपीटी, 7 को एमओटी, 18 को बीओटी, 19 को पीएचडी, 20 को एमफिल, 4 को एमएससी मेडिकल, 13 को एमएससी, 67 को बीएससी नर्सिंग तथा 138 विद्यार्थियों को बीएससी (सभी कोर्स) की उपाधियाँ एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में डॉ. आदित्य गोयल, डॉ. आकाश जैन, डॉ. हिमांशु, डॉ. मोहित, डॉ. सुलेखा, डॉ. गौरव, डॉ. मेघा, डॉ. योगेश सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here