Home latest मांडलगढ़ में चिकित्सा विभाग का ‘सास-बहू सम्मेलन’

मांडलगढ़ में चिकित्सा विभाग का ‘सास-बहू सम्मेलन’

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क 

भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल

योग्य दंपतियों को परिवार कल्याण साधनों की दी जानकारी

भीलवाड़ा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत गुरुवार को मांडलगढ़ ब्लॉक में टीकाकरण सत्र के दौरान सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय टीम ने योग्य दंपतियों को परिवार कल्याण साधनों, उपलब्ध योजनाओं और स्थायी समाधान के महत्व के प्रति जागरूक किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि मांडलगढ़ ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्र खाचरोल और आमली सहित अन्य केंद्रों में आयोजित सम्मेलनों में योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन साधनों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान खेलों के माध्यम से सास और बहू ने आपसी संवाद किया और परिवार नियोजन के महत्व को साझा किया गया।

सम्मेलन में शादी के बाद पहले बच्चे में 2 वर्ष की देरी और दूसरे बच्चे में 3 वर्ष का अंतराल रखने पर चर्चा की गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि दंपति स्थायी या अस्थायी साधनों के लिए नजदीकी चिकित्सा संस्थानों से सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।

अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 2107 सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाने हैं। सम्मेलन में स्वास्थ्य कार्मिकों ने कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियां, अंतरा एवं छाया इंजेक्शन, आईयूसीडी (कॉपर-टी), नसबंदी जैसे साधनों की जानकारी दी।

सम्मेलन में छोटा परिवार-सुखी परिवार की अवधारणा पर भी चर्चा हुई और बताया गया कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। सम्मेलन में ग्रामीण महिलाएं और योग्य दंपति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता माया भांभी और आशा सहयोगिनी संजू दामामी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने लाभार्थियों को परिवार कल्याण सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version