लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मानसरोवर के रजत पथ स्थित श्री परशुराम जन उपयोगी भवन में जयपुर मानसरोवर ब्राह्मण समाज का वार्षिक उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, कोटपूतली के पूर्व विधायक सुभाष शर्मा, नटवरलाल शर्मा, मोहनलाल शर्मा, पूनम आचार्य तथा नवनिर्वाचित पार्षद शिवाकांत पांडे ने दीप प्रज्वलित कर की।
वार्षिक उत्सव के दौरान समाज की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में 40 मेधावी छात्र-छात्राओं, 80 वर्ष से अधिक आयु के 40 बुजुर्गों तथा समाज के 30 पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही शिक्षा, पुलिस सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले 15 व्यक्तियों का भी सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से समाज में शिक्षा, सेवा और सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उड़ीसा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष डॉ. सदानंद दीक्षित, ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन के अध्यक्ष एस.डी. शर्मा सहित समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में समाजबंधुओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया।
वार्षिक उत्सव के दौरान मेधावी विद्यार्थियों, वरिष्ठजनों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान समाज की ओर से सामाजिक सहभागिता और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की पहल के रूप में देखा गया।