लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एथलेटिक्स, खो-खो और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
भेंरुदा, नागौर। भीलवाड़ा के गोपालपुरा में आयोजित संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय मांडलदेवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, खो-खो और विभिन्न भाषण एवं वाद-विवाद स्पर्धाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
एथलेटिक्स में रिंकू बागरिया ने 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कमलेश टांडी ने 400 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 4×100 मीटर रिले दौड़ में विद्यालय की टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
खो-खो में भी टीम उपविजेता
खेल प्रतियोगिता में विद्यालय की खो-खो टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
संस्कृत और हिंदी प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभा का प्रदर्शन
खेलों के साथ-साथ बौद्धिक एवं भाषाई प्रतियोगिताओं में भी मांडलदेवा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संस्कृत अंत्याक्षरी में रोहित सिंह और भवांशु चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में कमलेश और भवांशु ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि संस्कृत वाद-विवाद में रोहित और विराट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के खिलाड़ियों की इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है। टीम के कोच भंवर सिंह ईड़वा ने बताया कि विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में मेहनत और अनुशासन के साथ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
