लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने 117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
खैरथल-तिजारा/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि खैरथल-तिजारा आने वाले समय में राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दिल्ली-एनसीआर से नजदीकी, भिवाड़ी का औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी इस क्षेत्र के विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। राज्य सरकार क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सोमवार को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा, खेल, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
खैरथल-तिजारा के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराणा बांध का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क के विकास, तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण तथा प्रशासनिक एवं विद्युत सेवाओं के विस्तार के लिए नए पद और कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में—
- रामजल सेतु लिंक परियोजना में नीमराणा बांध का कार्य शुरू करना।
- 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास।
- तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण।
- पीएचईडी में नए अधिशासी अभियंता पद की घोषणा।
- जेवीवीएनएल के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की घोषणा।
सहकारिता से जुड़े 10 लाख नए सदस्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त करने और ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय करने की दिशा में काम किया है। उनके अनुसार, प्रदेश में करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जोड़े जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में दूध का उत्पादन प्रतिदिन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से भी अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है। उनके अनुसार, अब तक 1 लाख 90 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना से लाभान्वित महिलाओं की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हो गई है। प्रदेश में 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा गया है और इन्हें 928 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं के लिए स्कूटी योजना और विद्यार्थियों के लिए ड्रेस की राशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है।
चार जल समझौतों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान के लिए चार महत्वपूर्ण जल समझौते हुए हैं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल से संबंधित समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। वहीं 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने सहित विद्युत क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है।
10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कें बनाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा 327 अटल प्रगति पथों के लिए कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनके लिए 813 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है और इनमें से 282 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
उन्होंने दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ तक लाने और आगे कोटपूतली तक विस्तार देने की दिशा में चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
72 कार्यों का शिलान्यास, 23 का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान सहित 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं सड़क, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े 23 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
कुल मिलाकर 95 विकास कार्यों के माध्यम से अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।
भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे जिले से जोड़ने पर जोर
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में खैरथल क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे खैरथल जिले से जोड़ते हुए क्षेत्र में व्यापक विकास सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों में विकास के लिए बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के तहत कई कार्य पूरे हो चुके हैं और अनेक परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल, देवी सिंह शेखावत, अलवर महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।