लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा। शहर में भगवान विष्णु के पांचवें अवतार वामन देव की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। चारभुजा नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और सुंदर झांकी सजाई गई।
रघुनाथ मंदिर के रमेश जांगिड़ ने बताया कि वामन देव ने दैत्यराज बली के अहंकार को तोड़ने के लिए दो कदम में पूरी धरती और आकाश नाप लिया था।
वामन जयंती के अवसर पर महिला मंडल द्वारा तंबोली मोहल्ले में भी भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। तत्पश्चात विभिन्न गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।
भजन स्थल पर वामन और कृष्ण देव की सुंदर झांकी सजाई गई। दोपहर से शुरू हुए भजन कार्यक्रम में महिलाएं मनमोहक नृत्य कर भजनों का आनंद उठाती रहीं। इस अवसर पर कृष्ण जन्माष्टमी से लगातार चल रहे भजन कार्यक्रम का भी समापन हुआ।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने भगवान की झांकी सजाई और प्रसाद वितरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और धार्मिक आस्था के साथ उत्सव में भाग लिया।