लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर) | रिपोर्टर: संजीव बंसल
अलवर जिले के कठूमर उपखंड क्षेत्र के गांव इसरोता में खेत में सिंचाई के दौरान एक किसान को सांप ने डस लिया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए किसान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कठूमर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया गया। फिलहाल किसान का उपचार जारी है।
खेत में पानी देते समय हुआ हादसा
पीड़ित किसान के भाई हरिचरण जाटव ने बताया कि इसरोता निवासी बनेसिंह (55) पुत्र सुखराम जाटव रविवार सुबह करीब 10 बजे अटल सेवा केंद्र के पीछे स्थित अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत की डोर पर चलते समय एक सांप ने उनके पैर के पंजे के ऊपर काट लिया।
सांप के काटते ही किसान ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें बिना देरी किए सीएचसी कठूमर लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद अलवर किया रेफर
सीएचसी कठूमर में चिकित्सक डॉ. हेमंत वर्मा ने किसान को तत्काल स्नेक बाइट एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाकर प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
अस्पताल में उपलब्ध हैं 70 एंटी-वेनम इंजेक्शन
सीएचसी प्रभारी डॉ. जवाहर सैनी ने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में 70 स्नेक बाइट एंटी-वेनम इंजेक्शन उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या देसी उपचार के चक्कर में समय बर्बाद न करें, बल्कि मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं। समय पर इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।
