खरीफ मूंग की पैदावार खराब, किसानों की उम्मीदें धराशायी

0
34
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

पादूकलां। कस्बे और आसपास के ग्रामीण आंचल में खरीफ मूंग की कटाई इस समय जोरों पर है। खेतों में किसान हाथों से ढेर बांधते नजर आ रहे हैं, वहीं कुछ जगह थ्रेशर मशीन और कंबाइन हार्वेस्टर से फसल समेटी जा रही है।

हालांकि, इस बार की मूंग की पैदावार ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। लगातार बारिश और अनियमित मौसम की मार से मूंग की क्वालिटी खराब हो गई है। दाने काले-पीले होने के कारण मंडियों में अच्छे भाव नहीं मिल रहे। वर्तमान में मूंग की कीमत मात्र 3 से 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल रह गई है, जबकि एक हेक्टेयर पर खर्च लगभग 15 से 20 हजार रुपये आता है।

किसान दिनेश राम बेड़ा और भंवराराम राईका ने बताया कि उनके खेत में करीब 5–6 क्विंटल मूंग हुई, लेकिन मंडी में केवल 3500 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिला। ऐसे में खेती का खर्च भी पूरा नहीं निकल पाया।

किसानों का कहना है कि फसल खराब होने के बावजूद सरकार की ओर से किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला, जिससे वे हताश हैं। कई किसानों ने यह भी कहा कि इस नुकसान के चलते अब उनका मूंग की खेती में मन नहीं है। वे अगली बार रबी सीजन में गेहूं, चना, तारामीरा और रायड़ा जैसी फसलों की बुवाई पर जोर देंगे।

फिलहाल, किसान जल्द से जल्द मूंग की कटाई पूरी कर रबी की तैयारी में जुट गए हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here