लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। शहर के विजय नगर निवासी केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका दावा है कि शिक्षक के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें घटना में अन्य कारण होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, विजय नगर निवासी 32 वर्षीय जय सिंह, पुत्र निहाल सिंह, का हाल ही में अलवर से बिहार के गोरखपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में तबादला हुआ था। वे 22 जून को नई नियुक्ति पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए गोरखपुर गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर उन्हें उपचार के लिए भरतपुर लाया गया, जहां जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु के बाद शव को जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजन और ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिस पर मथुरा गेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और स्थिति को शांत कराया।
मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीणा ने बताया कि शिक्षक की मृत्यु बीमारी के चलते हुई थी तथा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आरबीएम अस्पताल में पूरी कराई गई। उन्होंने बताया कि परिजनों और ससुराल पक्ष के बीच हुए विवाद को समझाइश देकर समाप्त कराया गया, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।
वहीं, मृतक के परिजनों का कहना है कि शरीर पर चोट के निशान होने के कारण उन्हें मौत पर संदेह है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारणों का खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















































