जोधपुर में तिरंगे के साथ हुआ भव्य एक्वा योगा

0
8
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जोधपुर के गौशाला मैदान स्थित स्विमिंग पूल में क्रीड़ा भारती द्वारा अनूठे ‘एक्वा योगा’ (पानी में योग) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सात दिवसीय योग जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित इस विशेष आयोजन में प्रतिभागियों ने पानी के भीतर तिरंगा थामकर विभिन्न योगासन और आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में युवाओं, योग प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के अध्यक्ष वरुण धनाढ्या ने बताया कि स्विमिंग और योग दोनों ही शरीर को लचीला बनाने और स्टैमिना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जोधपुर में पहली बार इस प्रकार का आयोजन किया गया है और यह संभवतः राजस्थान का भी पहला एक्वा योगा कार्यक्रम है।

योग साधक हर्ष जैन और फिजिकल इंस्ट्रक्टर विजेता चौहान ने बताया कि पानी में योग और ध्यान करने से शरीर और मन को विशेष शांति एवं ऊर्जा का अनुभव होता है। वहीं प्रतिभागी लक्षिता निमावत ने कहा कि सामान्य योग की तुलना में पानी में योग करना अधिक चुनौतीपूर्ण और रोमांचक है। विशेष रूप से ‘नटराज आसन’ का अभ्यास सबसे कठिन रहा, क्योंकि इसमें पानी के भीतर एक पैर पर संतुलन बनाए रखना पड़ता है।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि योग केवल एक दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को योग अपनाकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here