लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
4 फरवरी से गांधी मैदान में होंगे दिव्य कार्यक्रम
जोधपुर – सूर्यनगरी में पहली बार आयोजित “श्री कुंज महोत्सव” 4 से 10 फरवरी 2026 तक गांधी मैदान, सरदारपुरा में संपन्न होगा। इस पावन अवसर पर ठाकुर श्री राधागोपाल प्रभु अपने नवनिर्मित कुंज में विधिवत विराजमान होंगे। महोत्सव का आयोजन पूज्य श्री राम प्रसाद जी महाराज और स्वामी पणवानंद जी महाराज (वृंदावन) के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
महोत्सव में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसे भारतवर्ष की विशिष्ट संत पूज्यपाद श्री राजेन्द्रदास देवाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालु रसास्वादन करेंगे। कथा 4 फरवरी को दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी, जबकि 5 से 10 फरवरी तक रोजाना प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। कथा के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
प्रमुख आकर्षण और कार्यक्रम
-
4 फरवरी: “रस यह वृन्दावन तै आयो” – पूज्यपाद गोस्वामी श्री पूंजीक जी महाराज द्वारा वृन्दावन भावों का व्याख्यान और संकीर्तन
-
5 फरवरी: राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन – भक्ति, कृष्ण-लीला, होरी और देशभक्ति काव्य
-
6 फरवरी: “आज बिरज में होरी रमिया” – ब्रज की होली, फूलों की होरी और ब्रज रसिया
-
7 फरवरी: कुंज पधरावनी बधाई उत्सव – पूज्य श्री किशोरदास देवजू महाराज एवं श्री राधाकृष्ण जी महाराज के श्रीमुख से बधाइयों का गायन
-
8 फरवरी: फाल्गुन महारास दर्शन – रसमय होरी, ब्रज संगीत और मयूर नृत्य
-
9 फरवरी: “मीरा के गोपाल” – पूज्य श्री हित अम्बरीष जी महाराज के श्रीमुख से मीराबाई के पदों का रसास्वादन

शोभायात्रा: महोत्सव का विशेष आकर्षण
7 फरवरी को प्रातः 8 बजे आयोजित श्री ठाकुरजी कुंज पधरावनी शोभायात्रा में भगवान पहली बार बैलगाड़ी में विराजमान होकर पधारेंगे। शोभायात्रा जूना खेड़ापति मंदिर से प्रारंभ होकर सरदारपुरा पाँचवीं रोड स्थित कुंज तक पहुंचेगी। इसमें महाराष्ट्र, उज्जैन और जगन्नाथपुरी से आए भक्त और वादक अलौकिक स्वरूप देंगे।
अभिजित मुहूर्त (11:15 बजे) में ठाकुरजी कुंज में विराजमान होंगे। इसके बाद भानु नंद महोत्सव, मोरकुटी मनोरथ, विविध भाव-आरती और अन्य दिव्य कार्यक्रम संपन्न होंगे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस अनुपम और दिव्य महोत्सव में सहभागिता करके अपने जीवन को धन्य करें।















































