लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, जोधपुर शहर की ओर से रविवार को नमो रन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायकगण और बीएसएफ आईजी एम.एल. गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस रैली में बीएसएफ जवानों, युवा खिलाड़ियों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
नमो रन गौशाला मैदान से शुरू होकर सर्किट हाउस चौराहा, पार्टी चौराहा और पुलिस लाइन से होते हुए वापस गौशाला मैदान पर समाप्त हुई। करीब 3 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को सम्मानित किया गया।
पीएम मोदी का संदेश सुनाया गया
नमो रन की शुरुआत से पहले सभी प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश सुनाया गया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत का बयान
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से संकल्प रहा है कि ‘खेलेगा इंडिया तो खेलेगा इंडिया।’ उनके 75वें वर्ष में दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना के साथ ही यह नमो रन आयोजित की गई है। सेवा और स्वच्छता उनके जीवन के दो महत्वपूर्ण अंग हैं। आज हजारों लोग इस रैली का हिस्सा बने हैं।”
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा,
“यह नमो रन नशामुक्ति के खिलाफ एक अभियान है। हमारा संदेश है कि युवा स्वस्थ जीवन अपनाएं और नशे से दूर रहें। यही इस रैली का मुख्य उद्देश्य है।”