लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
, प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की करेंगे मंगलकामना:— मदन राठौड़
भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाएगी सेवा संकल्प अभियान, विविध प्रकल्पों के माध्यम से जन जन तक पहुंचेगी सरकारी योजनाएं
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर,।(रूपनारायण सांवरिया ) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 17 सितंबर को जन्मदिवस देशभर में उत्साह, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की अनवरत राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा की प्रेरणादायी यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। उनकी सेवा एवं समर्पण की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यकर्ता और आमजन अपने घरों, सार्वजनिक स्थलों एवं चौपालों पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना करेंगे। इसमें बूथ समिति के सदस्य अपने बूथ में लाभार्थी के घर जाकर आशीर्वाद का दीया प्रज्जवलित करेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा को समर्पित इस अभियान में सहभागी बनें तथा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें। राठौड़ ने कहा कि ‘संकल्प से सेवा और सेवा से सुशासन’ की इस प्रेरणादायी यात्रा को आगे बढ़ाने में प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करने की अपील की।
राठौड़ ने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश की सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में मोदी जी के द्वारा किए गए सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर जानकारी दी जाएगी। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन की ओर से पंचायत से लेकर वार्ड स्तर तक स्कूलों में कार्यकर्ता जाएंगे। इसके साथ ही सेवा स्मरण कार्यक्रम, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, हैकाथॉन, 25 साल 25 कहानियां जैसे विविध कार्यक्रम किए जाएंगे।
