लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) श्रीगंगानगर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, विद्युत, जलदाय, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सांसद इंदौरा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग, एनएचएआई, जिला अग्रणी बैंक, रसद, स्वास्थ्य, जलदाय, नगर परिषद एवं नगर विकास न्यास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, अमृत योजना एवं जनता जल योजना के कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे।
बैठक में जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर, श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुनर तथा रायसिंहनगर विधायक सोहन नायक ने भी विकास योजनाओं को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। शिक्षा, राजीविका, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, उद्योग एवं वाणिज्य, पशुपालन, श्रम, समाज कल्याण, महिला अधिकारिता, कृषि विभाग सहित जिला परिषद की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की गई और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सांसद एवं विधायक कोटे से स्वीकृत कार्यों को अविलंब पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ गिरधर, गंगानगर पंचायत समिति प्रधान सुरेंद्र पाल सिंह, रायसिंहनगर पंचायत समिति प्रधान सुनीता गोदारा, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव, जिला परिषद एसीईओ हरिराम चौहान सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।













































