जिला कलक्टर ने तबीजी स्थित आईओसीएल गैस प्लांट का किया निरीक्षण

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर

अजमेर। मध्यपूर्व एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। जिला कलक्टर लोकबंधु के नेतृत्व में प्रशासन लगातार गैस आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला कलक्टर ने तबीजी स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के एलपीजी गैस प्लांट का दौरा कर गैस की मांग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने गैस प्लांट की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से वितरण प्रणाली, भंडारण क्षमता और आपूर्ति प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। आईओसीएल के अधिकारियों ने बताया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

जिला कलक्टर ने प्लांट परिसर में भंडारण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और सिलेंडर भराई की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा और गुणवत्ता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।

उन्होंने गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत निवारण व्यवस्था की भी जानकारी ली और कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला कलक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों या पैनिक की स्थिति में आने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

इस दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here