लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
250 ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
नामांतरण, बंटवारा, प्रमाण पत्र और पेंशन सत्यापन सहित कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण; 150 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
जाटावास, नागौर।
नागौर जिले की रियांबड़ी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जाटावास स्थित आईटी केंद्र पर मंगलवार को राज्य सरकार के निर्देशानुसार फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया।
शिविर में करीब 250 ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
राजस्व के कई मामलों का मौके पर निस्तारण
राजस्व विभाग की ओर से शिविर में 10 नामांतरण, एक बंटवारा, राजस्व अभिलेख शुद्धिकरण के पांच और एक सीमाज्ञान प्रकरण का निस्तारण किया गया।
इसके अलावा पांच जाति प्रमाण पत्र और पांच मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। पालनहार योजना के सात सत्यापन और चार पेंशन सत्यापन का कार्य भी पूरा किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को एक पट्टा और दो नए जॉब कार्ड वितरित किए गए।
150 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में करीब 150 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। वहीं परिवहन विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के तीन पास बनाए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से बच्चों का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। जलदाय विभाग सहित अन्य विभागों की टीमों ने भी ग्रामीणों को विभागीय सेवाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
नायब तहसीलदार प्रेम कुमार ढेबाना ने कहा कि फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।
प्रशासक प्रतिनिधि उगमाराम सारण ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
22 विभागों की टीमों ने दी सेवाएं
शिविर में नायब तहसीलदार प्रेम कुमार ढेबाना, सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद माली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बसंत कुमार डामोर, प्रशासक बाबूड़ी देवी सारण और प्रतिनिधि उगमाराम सारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, न्याय एवं जलदाय विभाग सहित अन्य विभागों की टीमों ने ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, ग्रामीण युवा और बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद रहे।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
एक ही स्थान पर 22 विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।





















































