लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर। संवाददाता: नितिन मेहरा
अजमेर के बोराज तालाब की पाल टूटने से हुए जलभराव के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी खुद पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। देवनानी ने करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर प्रभावित कॉलोनियों, खेतों और आसपास के इलाकों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि तालाब की पाल का पुनर्निर्माण होगा और नुकसान का सर्वे कर मुआवजा दिलाया जाएगा।
प्रशासन के साथ मौके पर लिया जायजा
शुक्रवार को देवनानी ने जिला कलक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, एडीए व नगर निगम अधिकारियों के साथ स्वास्तिक नगर और आसपास की कॉलोनियों का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया
देवनानी ने बताया कि पाल टूटने से स्वास्तिक नगर और आसपास की कॉलोनियों में जलभराव से मकानों और संपत्तियों को नुकसान हुआ है। प्रशासन ने गुरुवार रात से ही राहत कार्य शुरू कर दिए थे। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है और उनके लिए भोजन, पानी, दवा और ठहरने की व्यवस्था की गई है।
सर्वे और मुआवजा
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर नुकसान की क्षतिपूर्ति नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही तालाब की पाल का शीघ्र पुनर्निर्माण किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने निवासियों से अपील की कि सुरक्षा की दृष्टि से वे कुछ समय के लिए आश्रय स्थलों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर रहें।
जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
देवनानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत सर्वे किया जाए और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद तालाब की पाल की मरम्मत की जाएगी और प्रभावितों को नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।
इस मौके पर अध्यक्ष रमेश सोनी, रचित कच्छावा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।













































