लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
जिला विकास पुस्तिका का किया विमोचन, दो वर्ष की उपलब्धियों को किया रेखांकित
अजमेर।
वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “2 साल नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” थीम पर आधारित तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सूचना केंद्र की आर्ट गैलरी में फीता काटकर किया। इस अवसर पर राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं कार्यों पर आधारित जिला विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की।
जल संसाधन मंत्री रावत ने राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–2047 के विजन को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान के चहुंमुखी विकास के संकल्प को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। 
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बजट वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में प्रदेश को विकास की ऐतिहासिक सौगातें दी गई हैं, जिनमें से अधिकांश घोषणाएं क्रियान्वित हो चुकी हैं तथा शेष प्रगतिरत घोषणाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग कर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।
रावत ने कहा कि राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपए के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। राज्य सरकार द्वारा विद्युत उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करते हुए 5 हजार मेगावाट से अधिक उत्पादन क्षमता स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि 92 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं तथा एक लाख से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि 19 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 11 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है।
अजमेर जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री रावत ने कहा कि दोनों बजटों में जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। पेयजल समस्या के समाधान हेतु ईआरसीपी के माध्यम से मोर सागर बांध की स्वीकृति दी गई है, जिसका वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है तथा निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इस परियोजना पर 4 हजार 700 करोड़ रुपए से अधिक की राशि व्यय की जाएगी। भविष्य में बिसलपुर बांध के माध्यम से इसे भरकर जिले को पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसानों के हित में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाई गई है तथा जिले में विभिन्न विकास कार्य निरंतर जारी हैं। आमजन को विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विकास रथ भी संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, पूर्व प्रधान दिलीप प्रजापत, अर्जुन सिंह रावत, अर्जुन नलिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, अजमेर विकास प्राधिकरण की उपायुक्त निशा सहारण, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप सिंह गुर्जर, सहायक जनसंपर्क अधिकारी मयंक राज गुर्जर सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















































