लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं में दिखा उत्साह
गंगधार (झालावाड़)। कस्बे के चावड़ी बाजार स्थित श्री महावीर व्यायामशाला में वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए हनुमानजी की पूजा-अर्चना के साथ व्यायामशाला का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
व्यायामशाला के गुरुजी रमेश शर्मा एवं विनोद गौड़ ने बताया कि गंगधार में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष धार्मिक विधि-विधान के साथ व्यायामशाला का संचालन प्रारंभ किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के बच्चे, युवा और बुजुर्ग भाग लेकर शारीरिक व्यायाम एवं पारंपरिक करतबों का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि आज से शुरू हुई व्यायामशाला एकादशी (ग्यारस) तक संचालित होगी। इस दौरान नए एवं पुराने सभी प्रतिभागी नियमित रूप से अभ्यास करेंगे और विभिन्न पारंपरिक व्यायाम तथा अखाड़ा कला के करतब सीखेंगे।
गौरतलब है कि ऐतिहासिक गंगधार में व्यायामशाला और अखाड़ा संस्कृति की यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है, जो युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ अनुशासन और संस्कारों की शिक्षा भी देती है।
पूजन कार्यक्रम में रहे उपस्थित
हनुमान पूजन एवं शुभारंभ कार्यक्रम में रमेश शर्मा, विनोद गौड़, मनीष मिश्रा, बंशीलाल राठौड़, हेमशंकर पंडित, दशरथ नंदन पांडे, मथुरेश शर्मा, डॉ. हरिओम शर्मा, प्रमोद निगम, शिवेंद्र निगम, रामनारायण निगम सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



















































