लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संत–महंतों ने पूजा-अर्चना कर सामग्री को किया प्रेषित, 3 जनवरी से होगा शिविर का शुभारंभ
जयपुर। तीर्थराज प्रयागराज की पावन धरा पर आयोजित होने वाले माघ मेले के दौरान छोटीकाशी के आराध्य देव के नाम से श्री गोविंद धाम शिविर लगाया जाएगा। शिविर का शुभारंभ 3 जनवरी से होगा और यह एक माह तक संचालित रहेगा।
इसी क्रम में शुक्रवार को गोविंद धाम से खाद्य सामग्री संत–महंतों के सानिध्य में पूजा-अर्चना के पश्चात प्रयागराज के लिए रवाना की गई।
सेक्टर-6 में लगेगा शिविर
मंदिर सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि श्री गोविंद धाम शिविर सेक्टर-6, तुलसी मार्ग, नागवासुकी के सामने, संगम क्षेत्र में लगाया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोक कल्याण, सनातन संस्कृति का संरक्षण एवं जनमानस को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग से जोड़ना है।
धार्मिक अनुष्ठान और सेवा कार्य होंगे
शिविर में एक माह तक नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, कथा-प्रवचन एवं सेवा कार्य संपन्न किए जाएंगे। गंगा-यमुना के पावन संगम तट पर आयोजित इस शिविर में देशभर से श्रद्धालु एवं साधक सहभागिता करेंगे।
कैलेंडर होगा प्रसाद स्वरूप
नववर्ष के उपलक्ष्य में शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं को गोविंद धाम का कैलेंडर प्रसाद स्वरूप भेंट किया जाएगा।
