लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सौंपा मांगपत्र, जयपुर के विकास को मिलेगी नई दिशा
जयपुर
जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जयपुर रिंग रेलवे परियोजना को शीघ्र मूर्तरूप देने और इसका कार्य त्वरित गति से प्रारंभ कराने का आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को एक मांगपत्र भी सौंपा।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना जयपुर के विकास को नई दिशा देगी। सड़क नेटवर्क और रिंग रोड के साथ-साथ रिंग रेलवे परियोजना जयपुर के दीर्घकालीन विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
यातायात दबाव होगा कम, कनेक्टिविटी होगी मजबूत
सांसद ने बताया कि जयपुर की आबादी लगभग 60 लाख तक पहुंच चुकी है। प्रदेश की राजधानी, प्रमुख पर्यटन स्थल एवं आर्थिक-औद्योगिक केंद्र होने के कारण शहर पर यातायात का भारी दबाव है। बाहरी क्षेत्र तेजी से उपनगरों के रूप में विकसित हो रहे हैं। ऐसे में रिंग रेलवे परियोजना से आउटर एरिया की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, लॉजिस्टिक एवं व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी तथा शहर में ट्रैफिक जाम और भीड़ में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि इस रेलमार्ग पर मालगाड़ियों के साथ-साथ टूरिस्ट स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा सकेगा, जिससे मुख्य रेलवे स्टेशनों पर दबाव घटेगा।

दो-तीन चरणों में पूरी होगी परियोजना
जयपुर रिंग रेल परियोजना को दो से तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसे जयपुर मास्टर प्लान-2050 को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। यह रिंग रोड के समानांतर कहीं 200-300 मीटर तो कहीं 2-3 किलोमीटर की दूरी पर विकसित होगी। इससे रिंग रोड और रिंग रेल के आसपास प्रॉपर्टी के दाम बढ़ेंगे और नई टाउनशिप विकसित होंगी।
पहले चरण में 13 नए रेलवे स्टेशन
परियोजना के पहले फेज में कुल 13 नए रेलवे स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इनमें—
कानारवास, गोनेर, प्रह्ललादपुरा, शिवदासपुरा, सुखदेवपुरा, वाटिका, सांगानेर रोड, नेवटा, कलवाड़ा, बगरू, बेगस और बोबास शामिल हैं। इससे जयपुर के बाहरी क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।
मोदी सरकार में रेलवे में ऐतिहासिक परिवर्तन
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। वंदे भारत ट्रेनों, आधुनिक रेलवे स्टेशनों, ट्रैक के विद्युतीकरण, स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वहीं राज्य सरकार भी जयपुर को विश्वस्तरीय राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए सड़क, रिंग रोड, मेट्रो और अन्य शहरी परियोजनाओं पर लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने स्मरण कराया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जनवरी 2024 के जयपुर प्रवास के दौरान शहर के चारों ओर रिंग रेलवे विकसित करने की घोषणा की थी।