लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा): राजसमंद जिले में गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत सोमवार को सादड़ा, मादड़ी वनाई, कुंवारिया एवं बगतपुरा क्षेत्र के सैकड़ों गोभक्तों ने भव्य रैली निकालकर गौ संरक्षण का संदेश दिया।
रैली के दौरान गोभक्तों ने “गौ माता की जय” एवं “गौ माता को राष्ट्र माता बनाओ” जैसे जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। यह रैली विभिन्न मार्गों से होती हुई कुंवारिया पहुंची।
रैली में बगतपुरा गोशाला के महाराज मोहनदास महाराज छोटे बछड़े को गोद में लेकर शामिल हुए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। गोभक्तों ने पूरे जोश के साथ गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए।
रैली के समापन पर सभी गोभक्त कुंवारिया तहसील परिसर पहुंचे, जहां तहसीलदार सुंदरलाल कटारा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और उनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
इस अवसर पर वनाई सरपंच एवं गौभक्त प्रतिनिधि बंशीलाल गुर्जर, कुंवारिया के पूर्व सरपंच दौलत सिंह शक्तावत, गणेश लाल पोरवाल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य विजय गुर्जर, गिरिराज काबरा सहित बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।