लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर: (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान सरकार द्वारा राज्य को कृषि नवाचार और एग्रीटेक निवेश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 26 अप्रैल, रविवार को बेंगलुरु में रोड शो आयोजित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम कृषि विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य एग्रीटेक क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना, तकनीकी साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राज्य की कृषि क्षमताओं और नीतिगत प्रोत्साहनों को उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भजनलाल शर्मा तथा कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल उपस्थित रहेंगे। दोनों नेता राज्य में कृषि एवं एग्रीटेक क्षेत्र के विकास, निवेश-अनुकूल वातावरण और भविष्य की रणनीतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।
इससे पूर्व ‘ग्राम–2026’ की शृंखला की शुरुआत जयपुर में आयोजित कर्टेन रेज़र कार्यक्रम से हुई थी, जिसके बाद नई दिल्ली में भी सफलतापूर्वक रोड शो आयोजित किया गया। अब इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए बेंगलुरु में यह आयोजन किया जा रहा है, जिससे देश के प्रमुख निवेश और टेक हब्स में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
रोड शो के दौरान निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, स्टार्टअप्स और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद स्थापित कर संभावित सहयोग और साझेदारी के नए अवसरों की तलाश की जाएगी। यह आयोजन ‘ग्राम–2026’ के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राजस्थान को एग्रीटेक निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






































