लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर की जन्मशताब्दी वर्ष पर आयोजित कार्यक्रमों में कांग्रेस के दो बड़े नेता — पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट — एक ही मंच पर नजर आए। इस मौके पर पथिक नगर स्थित महिला आश्रम परिसर में स्वर्गीय शिवचरण माथुर और उनकी धर्मपत्नी स्व. सुशीला देवी माथुर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही मांडलगढ़ में संस्थान के नए कार्यालय का लोकार्पण भी हुआ।
गहलोत बोले— माथुर ने दिया सुशासन का आदर्श उदाहरण
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यक्रम में कहा,
“मुझे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए शिवचरण माथुर के मुख्यमंत्री कार्यकाल में उनके साथ काम करने का अवसर मिला। वे स्वतंत्रता सेनानी रहे और दो बार मुख्यमंत्री बनकर राजस्थान को सुशासन दिया। उन्होंने महिला शिक्षा और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया। आज भी उनके कार्य लोगों के लिए प्रेरणा हैं।”
गहलोत ने स्वर्गीय माणिक्यलाल वर्मा, श्रीमती नारायणी देवी, शिवचरण माथुर और उनकी धर्मपत्नी सुशीला माथुर को नमन किया और कार्यक्रम के बाद उदयपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
पायलट ने कहा — जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी माथुर ने
सचिन पायलट ने कहा,
“शिवचरण माथुर ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी निष्ठा, सरलता और जनकल्याण के प्रति समर्पण आज भी सबके लिए प्रेरणास्रोत है। स्व. सुशीला देवी माथुर ने महिला शिक्षा और समाज सुधार में उल्लेखनीय कार्य किए, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि शिवचरण माथुर विकास एवं सेवा संस्थान लोकसेवा और विकास की भावना को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
प्रतिमा अनावरण और कार्यालय लोकार्पण
-
पथिक नगर महिला आश्रम में स्व. शिवचरण माथुर और स्व. सुशीला देवी माथुर की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
-
मांडलगढ़ में शिवचरण माथुर विकास एवं सेवा संस्थान के नए कार्यालय का लोकार्पण हुआ।
-
संस्था सचिव वंदना माथुर ने संस्था की विकास यात्रा प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्व. माथुर के यूनिवर्सिटी निर्माण के सपने को साकार करने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
-
संस्था डायरेक्टर विभा माथुर ने सभी अतिथियों का आभार जताया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एम. एम. पल्लम राजू, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा, पूर्व मंत्री बी. डी. कल्ला, हेमाराम चौधरी, सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला, मुरारी लाल मीणा, विधायक सुरेश गुर्जर, हरिमोहन शर्मा, अभिमन्यु पूनिया, कुलदीप इंदौरा, अक्षय त्रिपाठी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
स्वर्गीय शिवचरण माथुर की जन्मशताब्दी वर्ष के इस आयोजन ने न केवल उनके योगदान को याद किया, बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को एकजुट मंच पर लाकर राजनीतिक और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। उनकी जनसेवा की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए संस्था के माध्यम से नए आयाम जोड़ने की घोषणा की गई।


















































