लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्री-बजट बैठक
जयपुर । उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि आगामी बजट के लिए तैयार किए जा रहे सड़क, पुल और भवन परियोजनाओं में लोगों की जरूरत और क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उनका यह निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग मुख्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में दिया गया।
बैठक में आगामी बजट को ध्यान में रखते हुए विभागीय तैयारियों और प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रस्तावों पर गहन समीक्षा और आवश्यक अभ्यास करने के लिए कहा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आमजन के लिए अत्यंत आवश्यक और क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने वाली सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बजट प्रस्तावों का चयन जनहित, क्षेत्रीय आवश्यकता, यातायात सुविधा, सुरक्षा और दीर्घकालीन उपयोगिता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्ताव विकसित राजस्थान डॉक्यूमेंट के अनुरूप तैयार किए जाएँ, ताकि प्रदेश को विकसित राजस्थान के लक्ष्यों तक शीघ्र पहुंचाया जा सके।
प्रस्तावों की व्यावहारिकता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रस्ताव तकनीकी रूप से सुदृढ़, वित्तीय रूप से व्यावहारिक और समयबद्ध क्रियान्वयन योग्य हों। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव बनाते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी सड़क परियोजना के कार्य में वन क्षेत्र, रिहायशी क्षेत्र या अन्य कारणों से कोई बाधा न आए।
तीन दिन की फिल्ड विजिट के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगामी तीन दिन फिल्ड विजिट करने के निर्देश दिए, ताकि बजट घोषणाओं के लिए जनता एवं क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों का सही आंकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में पदस्थ अधिकारी क्षेत्र में जाकर यह सुनिश्चित करें कि कौन-सी सड़क परियोजना यातायात सुगमता और तत्काल राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक है।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की समीक्षा करते हुए प्रदेश में चल रही परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके तहत एनएच, एनएचएआई, आरएसएचए, सीआईआरएफ, रिडकोर, पीएएमजीएसवाई और राज्य सड़कों की प्रगति का बिंदुवार विश्लेषण किया गया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, शासन सचिव डी आर मेघवाल, मुख्य अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















































