लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरमथुरा (धौलपुर)। धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व में एक दुर्लभ और विलुप्तप्राय वन्यजीव चौसिंगा (चार सींग वाला हिरण) दिखाई दिया है। यह दृश्य झिरी इलाके के जंगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिससे वन विभाग में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चौसिंगा की अनुमानित संख्या 10 से 15 के बीच बताई जा रही है। यह वन्यजीव बेहद दुर्लभ माना जाता है और इसके दर्शन होना वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण संकेत है।
वन क्षेत्र में चौसिंगा के दिखने के बाद इसके संरक्षण को लेकर प्रयासों को और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है। वन विभाग द्वारा इस प्रजाति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि इनके आवास और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि चौसिंगा की उपस्थिति से क्षेत्र की जैव विविधता में समृद्धि का संकेत मिलता है और यह प्राकृतिक संतुलन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
