लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
राजस्थान पुलिस अकादमी में राज्य स्तरीय पुलिस शहीद दिवस समारोह आयोजित, शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
रक्तदान और पौधारोपण कार्यक्रम के जरिए दिया गया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जयपुर। (आर.एन. सांवरिया) देश की सुरक्षा और शांति के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को मंगलवार को राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय पुलिस शहीद दिवस समारोह में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने राष्ट्र सेवा में वीरगति प्राप्त करने वाले 191 पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों के बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के बाद रक्तदान शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
“शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर करें कर्तव्यनिष्ठ सेवा” — डीजीपी शर्मा
डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा कि देश की रक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस कर्मियों का बलिदान सदैव अमर रहेगा। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों से आह्वान किया कि वे शहीदों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र सेवा का संकल्प लें।
21 अक्टूबर 1959 का ऐतिहासिक बलिदान
अपने संबोधन में डीजीपी शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस के वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए थे। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह बलिदान भारतीय पुलिस की सर्वोच्च परंपराओं का प्रतीक है, जो हर पुलिसकर्मी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
191 शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि
डीजीपी शर्मा ने इस अवसर पर 1 सितम्बर 2023 से 31 अगस्त 2024 की अवधि में राष्ट्र सेवा में वीरगति प्राप्त करने वाले 191 पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों के नाम वाचन किए और राजस्थान पुलिस परिवार की ओर से उन्हें भावांजलि अर्पित की।
उन्होंने राजस्थान के शहीद पुलिसकर्मियों एएसआई सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रसादी लाल, प्रह्लाद राम, कांस्टेबल अतर सिंह, राम सिंह, देवनारायण गुर्जर और अक्षय कुमार सहित देशभर के पुलिस बलों — बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, फायर सर्विसेज, होमगार्ड्स और आरपीएफ — के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
पुष्पांजलि, सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर
समारोह के दौरान सबसे पहले शहीद पुलिस कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और गार्ड ऑफ ऑनर के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
इस अवसर पर डीजीपी राजीव शर्मा, पूर्व डीजीपी ओमप्रकाश गल्होत्रा, डीजीपी प्रशिक्षण अशोक राठौर, आईबी के ज्वॉइंट डायरेक्टर रमाकांत शर्मा, सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक संजय दुबे, एडीजी व आरपीए निदेशक एस. सेंगाथिर और जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम
श्रद्धांजलि सभा के बाद राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में रक्तदान शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डीजीपी शर्मा और वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाकर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, प्रशिक्षु और स्टाफ सदस्यों ने भाग लेकर शहीद पुलिसकर्मियों को समर्पित रक्तदान किया।
पुलिस स्मारक पर भी दी श्रद्धांजलि
आरपीए कार्यक्रम के उपरांत त्रिमूर्ति सर्किल स्थित पुलिस स्मारक पर भी श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।
डीजीपी राजीव शर्मा और कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
इस दौरान पुलिस कमिश्नरेट जयपुर के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।













































