लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अनिश्चितकालीन धरना शुरू, आंदोलन के तेज होने के आसार
डीग। डीग जिले के खोह क्षेत्र में लगातार जारी अवैध खनन को लेकर साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से नाराज संत समाज ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाते हुए खोह में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस आंदोलन का नेतृत्व हरिबोल बाबा और भूरा बाबा कर रहे हैं।
धरना स्थल पर संतों ने कहा कि खोह क्षेत्र के पहाड़ भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली रहे हैं और इनका धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व अत्यंत पवित्र है। इसके बावजूद खनन माफिया लंबे समय से इन पहाड़ों पर अवैध खनन कर रहे हैं, जिससे न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंच रही है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान हो रहा है।
संतों ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ पूर्व में भी कई बार आंदोलन और ज्ञापन दिए गए। पहाड़ों की रक्षा के लिए पसोपा गांव स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के महंत विजय दास बाबा ने आत्मबलिदान तक दिया, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन अवैध खनन को रोकने में पूरी तरह विफल रहा है।
धरने पर बैठे साधु-संतों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सरकार और प्रशासन अवैध खनन को पूरी तरह बंद नहीं करता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आस्था, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा के लिए है।
आगामी दिनों में बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं के धरना स्थल पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आंदोलन और अधिक व्यापक और उग्र रूप ले सकता है।
















































