लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा सिटी, (मनीष पारीक): नागौर जिले के गोठ मांगलोद स्थित श्री दधिमती माताजी मंदिर में कथित अव्यवस्था, अतिक्रमण और पुजारियों द्वारा दुर्व्यवहार के विरोध में नावा दाधीच समाज ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम नावां को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उठाए गए मुख्य बिंदु
- मंदिर परिसर में फैली अव्यवस्था और अतिक्रमण पर तत्काल रोक।
- दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई।
- पुजारियों द्वारा अवैध वसूली और श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर कार्रवाई।
- राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा सिविल रिट याचिका संख्या 5809/2023 में 12 सितंबर 2023 को दिए गए आदेशों के बावजूद अतिक्रमण हटाने में अनदेखी।
- राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दाधीच पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।
- मेला मजिस्ट्रेट, तहसीलदार डेह और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की लापरवाही के लिए निलंबन की मांग।
- मंदिर की व्यवस्थाओं को देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार संचालित करने और अवैध निर्माण/कब्जे हटाने की मांग।
चेतावनी और आंदोलन की संभावना
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायालय के आदेशों की पालना नहीं की गई, तो दाधीच समाज आमरण अनशन और देशव्यापी धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होगा।
इस दौरान नावा दाधीच समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे और उन्होंने अपने अधिकारों और मंदिर की मर्यादा की सुरक्षा के लिए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
