लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर।
पुलिस थाना चित्रकूट, जयपुर पश्चिम ने डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद के निर्देश पर संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नकबजन गैंग के 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बीएनएस की धारा 112 के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों से 10–12 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, चोरी की मोटरसाइकिल व स्कूटी, डुप्लीकेट चाबी बनाने के उपकरण तथा नकबजनी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।
सीआई देवेन्द्र प्रताप और उनकी टीम ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर तथा तकनीकी सुबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए उन्हें धर दबोचा। टीम में सुरेश और बीरबल की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही।
पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली, सूरत, महाराष्ट्र सहित जयपुर, चुरू, बीकानेर, गंगानगर व अन्य जिलों में कई चोरी की वारदातें करने की बात स्वीकार की है।
जयपुर शहर में उन्होंने कुल 7 नकबजनी की घटनाएँ करना कबूल किया है।
कार्रवाई एडिशनल डीसीपी राजेश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई।

















































