लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़ |
झालावाड़ जिले की कृषि उपज मंडी चौमहला में समर्थन मूल्य पर हो रही सोयाबीन खरीददारी को लेकर किसानों ने गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि मंडी में सीधे आने वाले किसानों की उपज को ग्रेडिंग के नाम पर खराब गुणवत्ता बताकर वापस लौटाया जा रहा है, जबकि सब-स्टैंडर्ड गुणवत्ता की सोयाबीन पंजीयन माफिया के माध्यम से लाकर तौली जा रही है।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में राजफेड और दलालों की मिलीभगत है। क्षेत्र के किसान नेता लक्ष्मण सिंह लुनखेड़ा ने कहा कि किसानों को गुमराह कर उनसे दो सौ रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से पंजीयन कराया जा रहा है, जो पूरी तरह से अनुचित और नियमों के खिलाफ है।
इस भ्रष्टाचार के विरोध में किसान नेता और पीड़ित किसान सोयाबीन के सैंपल लेकर एसडीएम कार्यालय गंगधार के सामने धरने पर बैठ गए हैं। किसानों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और समर्थन मूल्य पर पारदर्शी खरीद व्यवस्था लागू करने की मांग की है।


















































